मक्खियों का तांडव: दुर्ग में मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग मजदूर की मौत, फार्म हाउस में पसरा मातम
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक सब्जी फार्म हाउस में काम कर रहे बुजुर्ग मजदूर पर मधुमक्खियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
पेड़ से अचानक गिरा छत्ता जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि तेज हवा चलने के कारण एक पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का विशाल छत्ता अचानक नीचे गिर गया। छत्ता गिरते ही मधुमक्खियां उग्र हो गईं और वहां काम कर रहे मजदूरों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
भागने में असमर्थ रहे रमेश हमले के दौरान अन्य मजदूर तो किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन 60 वर्षीय मजदूर रमेश (मूल निवासी ओडिशा) शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण तेजी से नहीं भाग सके। उग्र मधुमक्खियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और शरीर पर अनगिनत डंक मार दिए।
मैनेजर ने बचाने की कोशिश की फार्म हाउस के मैनेजर ने साहस दिखाते हुए रमेश को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने पीड़ित पर पानी डाला और कंबल से ढककर मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक रमेश की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। उन्हें तत्काल दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
12 वर्षों से कर रहे थे मजदूरी मृतक रमेश पिछले 12 वर्षों से अपनी पत्नी के साथ इसी फार्म हाउस में रहकर मजदूरी का काम कर रहे थे। निसंतान दंपति होने के कारण इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।








