दुर्ग में क्रिकेट खेल रहे युवक पर गिरी बिजली, दर्दनाक मौत: गरज-चमक के बीच मैदान से लौट रहे थे बच्चे
दुर्ग। जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। क्रिकेट खेल रहे एक युवक पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथियों के साथ मैदान में क्रिकेट खेल रहा था, तभी तेज गरज-चमक और बारिश शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौसम खराब होते देख बच्चे और युवक मैदान से लौटने लगे। इसी दौरान अचानक तेज बिजली गिरी, जिसकी चपेट में एक युवक आ गया। हादसे के बाद साथी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ देर पहले तक मौसम सामान्य था, लेकिन अचानक तेज हवाओं के साथ बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई।
इधर, रायपुर और बिलासपुर समेत कई जिलों में भी मौसम ने करवट ली। कई जगह तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन खराब मौसम ने जनजीवन को भी प्रभावित किया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई इलाकों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।








