प्रेमिका के सामने टोकना पड़ा भारी: ‘चाचा दरवाजा खोलो’ बोलकर DSP के भाई पर चाकू से हमला
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बन्नाक चौक स्थित सरस्वती स्टील के संचालक और डीएसपी बद्रीनाथ मिश्रा के भाई पशुपतिनाथ उर्फ गुड्डू मिश्रा पर घर में घुसकर बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ठेकेदार को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रेमिका के सामने डांटने पर भड़का युवक
पुलिस जांच में सामने आया कि सरस्वती स्टील में काम करने वाले कर्मचारी ने अपने दोस्त को कमरे की चाबी दी थी। युवक अपनी मंगेतर के साथ वहां पहुंचा था। इसी दौरान गुड्डू मिश्रा वहां पहुंचे और दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर नाराज हो गए। उन्होंने युवक को फटकार लगाते हुए ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी।
बताया जा रहा है कि प्रेमिका के सामने हुई बेइज्जती से युवक का गुस्सा भड़क गया और उसने बदला लेने की योजना बना ली।
“चाचा दरवाजा खोलो” बोलकर किया हमला
रात करीब 10:30 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। उसने घर का दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई— “चाचा दरवाजा खोलो।” परिचित आवाज सुनकर जैसे ही गुड्डू मिश्रा ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
हमले में चाकू उनकी जांघ के ऊपर जा लगा, जिससे काफी खून बहने लगा। शोर सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आए, तब जाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि तारबाहर से सिरगिट्टी तक कहीं भी पुलिस की चेकिंग नहीं थी। परिजनों का कहना है कि यदि रास्ते में जांच होती, तो बदमाश हथियार लेकर नहीं पहुंच पाते।
पुलिस ने एक संदेही को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने एक मुख्य संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








