ई-फार्मेसी के खिलाफ दवा कारोबारियों का बिगुल, 20 मई को प्रदेशभर में बंद रह सकती हैं मेडिकल दुकानें
रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में 20 मई को दवा दुकानों के बंद रहने के आसार हैं। जिला दवा विक्रेता संघ रायपुर ने राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को समर्थन देते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। यह आंदोलन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर किया जा रहा है, जिसमें देशभर के लाखों दवा कारोबारी भाग लेंगे।
ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में उतरे व्यापारी
दवा व्यापारियों का आरोप है कि अवैध ई-फार्मेसी और ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट से पारंपरिक मेडिकल कारोबार पर गहरा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना वैध डॉक्टर पर्चे के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं, जिससे एंटीबायोटिक्स और नशे की लत पैदा करने वाली दवाएं भी आसानी से लोगों तक पहुंच रही हैं।
मरीजों की बढ़ सकती हैं परेशानियां
यदि हड़ताल होती है तो प्रदेशभर में मरीजों और उनके स्वजन को दवाएं लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर नियमित दवाओं पर निर्भर मरीजों की चिंता बढ़ गई है। दवा विक्रेता संघ ने सरकार से ई-फार्मेसी पर सख्त नियंत्रण और नियमों के प्रभावी पालन की मांग की है।








