खेल-खेल में मासूम की आंख में घुसी जीभी, सफल ऑपरेशन से बची रोशनी
धमतरी। धमतरी में खेलते समय एक मासूम बच्चे की आंख में जीभी घुस जाने से हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर उसकी आंख की रोशनी बचा ली।
जानकारी के अनुसार बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक हादसा हो गया। परिजन बच्चे को दर्द से तड़पता देख घबरा गए और तत्काल अस्पताल पहुंचे। जांच में पता चला कि जीभी आंख के अंदर तक चली गई थी, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।
डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन किया और आंख से जीभी को बाहर निकाला। चिकित्सकों के मुताबिक समय पर इलाज मिलने से बच्चे की आंख की रोशनी बचाई जा सकी। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
डॉक्टरों ने अभिभावकों से बच्चों को नुकीली और खतरनाक वस्तुओं से दूर रखने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








