IIIT रायपुर हॉस्टल में दिनदहाड़े चोरी, 15 से ज्यादा लैपटॉप लेकर फरार युवक CCTV में कैद
रायपुर। राजधानी स्थित International Institute of Information Technology, Naya Raipur (IIIT) के हॉस्टल में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। एक युवक हॉस्टल परिसर से 15 से अधिक लैपटॉप लेकर फरार हो गया। घटना के बाद संस्थान और छात्रों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध युवक बड़ी चालाकी से हॉस्टल में दाखिल हुआ और छात्रों के कमरों से लैपटॉप समेटकर फरार हो गया। पूरी वारदात हॉस्टल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में युवक बैग लेकर आते-जाते दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी को हॉस्टल परिसर और वहां की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए लैपटॉप बरामद किए जाएंगे। घटना के बाद छात्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।








