रायपुर में जाली नोटों के बड़े नेटवर्क का खुलासा, हंस ट्रैवल्स में डीआरआई की छापेमारी
राजधानी रायपुर में जाली नोटों की तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गुप्त सूचना मिलने के बाद डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने रिंग रोड स्थित Hans Travels के कार्यालय में छापा मारा।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैवल कंपनी के जरिए भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने का काम किया जा रहा था। डीआरआई की पांच सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए मौके से तीन बोरे बरामद किए, जिनमें 10, 20 और 50 रुपये के नोट भरे हुए थे।
अधिकारियों ने बरामद नोटों को जब्त कर जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में नोट संदिग्ध पाए गए हैं, जिन्हें अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नोट पूरी तरह जाली हैं या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, यह खेप Kolkata से भेजी गई थी और इसे Delhi पहुंचाया जाना था। मामले में Uday Singh Biswal और Kamal Kishore Gupta के नाम सामने आए हैं। फिलहाल डीआरआई पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।








