छत्तीसगढ़ में उपचुनाव का शंखनाद: निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ, 1 जून को मतदान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरी निकाय और पंचायत उपचुनावों का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को दोनों चुनावों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया। प्रदेश में पहली बार निकाय और पंचायत उपचुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे। मतदान 1 जून को होगा, जबकि मतगणना के बाद 4 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया 11 मई से नामांकन के साथ शुरू होगी। अभ्यर्थी 18 मई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 21 मई तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे।
कई सीटों पर जनता चुनेगी नया प्रतिनिधि
नगरी निकायों में अध्यक्ष पद के पांच और पार्षदों के 77 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। वहीं पंचायत स्तर पर जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 और पंच के 1136 रिक्त पदों पर चुनाव होंगे।
10 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
आयोग के अनुसार नगरी निकाय क्षेत्रों में 44 हजार 525 और पंचायत क्षेत्रों में 10 लाख 37 हजार 789 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के लिए नगरी निकायों में 115 और पंचायतों में 937 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष निगरानी के लिए 33 सामान्य प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
ईवीएम और बैलेट पेपर दोनों का होगा इस्तेमाल
नगरी निकाय चुनावों में मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराया जाएगा, जबकि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न होंगे। निकाय चुनावों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि पंचायत चुनावों में मतदाता सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोट डाल सकेंगे।








