बिलासपुर में पेट्रोल संकट गहराया: 13 पेट्रोल पंप ड्राई, कई जगह लिमिट में मिल रहा ईंधन
बिलासपुर। शहर और आसपास के इलाकों में पेट्रोल संकट गहराता जा रहा है। टैंकरों की समय पर सप्लाई नहीं पहुंचने से बिलासपुर के 13 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए हैं। कई पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ का बोर्ड लगा दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जिन पेट्रोल पंपों पर फिलहाल ईंधन उपलब्ध है, वहां भी लिमिट तय कर दी गई है। कई सर्विस स्टेशनों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को 40 से 50 लीटर से ज्यादा पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जा रहा। हालात ऐसे हैं कि सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं।
पंप संचालकों का कहना है कि टैंकरों की सप्लाई बाधित होने की वजह से यह स्थिति बनी है। समय पर रिफिलिंग नहीं होने से स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। वहीं वाहन चालकों में भी घबराहट देखी जा रही है, जिसके चलते लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं।
शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।








