मिडिल ईस्ट तनाव का असर: पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर संकट के संकेत, सीमित वितरण के निर्देश
रायपुर। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब देश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। पेट्रोलियम कंपनियों ने एहतियातन पेट्रोल पंप संचालकों को सीमित मात्रा में ईंधन वितरण करने के मौखिक निर्देश दिए हैं। इसके बाद आम लोगों के बीच संभावित सप्लाई संकट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, अब एक वाहन को एक दिन में अधिकतम 250 लीटर डीजल और एक व्यक्ति को 50 लीटर पेट्रोल देने की सीमा तय की गई है। हालांकि, कंपनियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से पेट्रोल पंप संचालकों तक निर्देश पहुंचाए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हालात को देखते हुए कंपनियां फिलहाल ईंधन की उपलब्धता और वितरण पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति न बने।








