रायपुर में लक्ष्य ज्वेलर्स से करोड़ों की चोरी, आधी रात दुकान में घुसे बदमाश; सुबह खुला राज
रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए ज्वेलरी कारोबारी को करोड़ों रुपये का झटका दे दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलकर करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे चोर दुकान में घुसे और बड़ी मात्रा में आभूषण लेकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने के कारण कारोबारी को घटना की भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब दुकान खोली गई, तब चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।








