गरियाबंद में बाघ के शिकार की साजिश विफल, ओडिशा के 7 आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद। जिले के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के शिकार की साजिश का वन विभाग और पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने बाघ को जहर देकर मारने की योजना बनाई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से उनकी मंशा पूरी नहीं हो सकी। मामले में ओडिशा के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने टाइगर रिजर्व क्षेत्र के एक नाले में जहरीला पदार्थ मिलाया था। आशंका जताई जा रही है कि बाघ के पानी पीने या संक्रमित शिकार खाने के दौरान उसकी मौत हो सकती थी।
जांच के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से जहर की शीशी, मृत मछलियां और केकड़े बरामद किए हैं। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए वन विभाग और पुलिस ने सात आरोपियों को पकड़ लिया। अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में वन्यजीव शिकार से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।








