रायपुर। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर गुरुवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
मोतीबाग के पास टीन शेड लगाकर मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे प्रदर्शनकारी हटाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता हाथों में डंडे लिए भी नजर आए। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर डंडे फेंके, जबकि कार्यकर्ताओं ने सरकार पर छात्रसंघ चुनाव कराने से बचने का आरोप लगाया।








