रायपुर में 103.58 रुपए लीटर हुआ पेट्रोल, फ्यूल स्टेशनों पर लगी लंबी लाइनें
रायपुर। राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 103.58 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। कीमतों में बढ़ोतरी और संभावित कमी की अफवाहों के बीच शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग बड़ी संख्या में अपने वाहन लेकर टैंक फुल कराने पहुंच रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन के मुताबिक लोग पैनिक होकर जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई है।
पेट्रोल पंप संचालकों ने भी साफ किया कि फ्यूल की उपलब्धता पर्याप्त है और सप्लाई लगातार जारी है। उन्होंने नागरिकों से संयम बनाए रखने और अनावश्यक रूप से टैंक फुल कराने से बचने की अपील की है।
इधर, बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रोजाना वाहन उपयोग करने वाले लोग महंगे ईंधन का असर अपने मासिक बजट पर महसूस कर रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण शहर में अचानक पेट्रोल पंपों पर दबाव बढ़ गया।








