जून में थमेगी ट्रेनों की रफ्तार: 70 से ज्यादा ट्रेनें रद, छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क होगा प्रभावित
बिलासपुर। बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेलवे लाइन परियोजना के तहत चांपा स्टेशन में जून महीने में बड़ा तकनीकी कार्य शुरू होने जा रहा है। नॉन-इंटरकनेक्टिविटी और ऑटो सिग्नलिंग सिस्टम इंस्टालेशन के चलते सात जून से 19 जून तक रेल यातायात व्यापक रूप से प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने इस दौरान 70 से अधिक एक्सप्रेस, पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद करने, डायवर्ट करने और देरी से चलाने का फैसला लिया है।
इसका सबसे ज्यादा असर बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर, कोरबा और झारसुगुड़ा रूट के यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, चांपा स्टेशन पर चौथी रेलवे लाइन को मुख्य नेटवर्क से जोड़ने और आधुनिक ऑटो सिग्नलिंग सिस्टम लगाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए कई सेक्शनों में ब्लॉक लिया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, आजाद हिंद एक्सप्रेस पुणे से करीब तीन घंटे देरी से रवाना होगी, जबकि सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस लगभग ढाई घंटे विलंबित रहेगी। वहीं जनशताब्दी और हसदेव एक्सप्रेस रायपुर और गोंदिया से लगभग दो घंटे की देरी से चलेंगी। यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर सेक्शन में पैसेंजर सेवा की तरह संचालित करने का निर्णय लिया है।
पैसेंजर और मेमू ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर
सात जून से 19 जून के बीच रायगढ़-बिलासपुर, बिलासपुर-रायगढ़, गेवरारोड-रायपुर, रायपुर-गेवरारोड, कोरबा-रायपुर, रायपुर-कोरबा और बिलासपुर-कोरबा रूट की कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद रहेंगी। 68735, 68736, 68745, 68746, 58203, 58204, 68734/68733, 68732/68731, 68737/68738 और 58210 जैसी प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
रायपुर रूट से डायवर्ट होंगी कई बड़ी ट्रेनें
11 जून से 17 जून के बीच झारसुगुड़ा-टिटलागढ़-रायपुर रूट से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा। इनमें दुरंतो एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, हावड़ा-पुणे एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी रहेगा और काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य मार्ग से बहाल कर दिया जाएगा।
अहमदाबाद, उत्कल और साउथ बिहार एक्सप्रेस भी प्रभावित
रेलवे प्रशासन ने कई लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों को भी अलग-अलग तारीखों में रद करने का फैसला लिया है। 13287/13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस 10 से 16 जून तक नहीं चलेगी। वहीं 12833/12834 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस 11 से 15 जून तक रद रहेगी। 18477/18478 उत्कल एक्सप्रेस 11 से 15 जून तक प्रभावित रहेगी, जबकि 18109/18110 टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 8 से 19 जून तक रद रहेगी। इसके अलावा हीराकुंड, पुरी-जोधपुर, कामाख्या-एलटीटी और हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस के संचालन पर भी असर पड़ेगा।








