तेल संकट के बीच रेलवे बना सहारा, ट्रेनों और बसों में बढ़ी भारी भीड़
रायपुर। ईंधन संकट और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब लोग सार्वजनिक परिवहन की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। निजी वाहनों का उपयोग कम करने के लिए बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन और बसों का सहारा ले रहे हैं, जिससे रेलवे स्टेशन और बस स्टैंडों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। कई ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता कम हो गई है, जबकि जनरल कोच में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं राज्य परिवहन और निजी बसों में भी यात्रियों का दबाव बढ़ गया है।
यात्रियों का कहना है कि महंगे पेट्रोल-डीजल के कारण रोजाना निजी वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में ट्रेन और बस यात्रा अपेक्षाकृत सस्ती पड़ रही है। कई लोग लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब निजी कारों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं परिवहन विभाग का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों और कोच की व्यवस्था भी की जा सकती है।








