रायपुर में सनसनीखेज लूट, ज्वेलरी मैनेजर पर तलवार से हमला कर एक करोड़ के जेवर पार
रायपुर (खरोरा): छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े आतंक मचाते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर पर प्राणघातक हमला कर बाइक सवार अज्ञात बदमाश करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला जानकारी के अनुसार, विनायक ज्वेलर्स के मैनेजर विनीत सोनी तिल्दाडीह स्थित दुकान की दूसरी शाखा से जेवरात लेकर खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो से तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि विनीत कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद बदमाश जेवरों से भरा बैग लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक घायल मैनेजर को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है।
जांच में जुटी पुलिस और क्राइम ब्रांच वारदात की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस सहित क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे।








