रायपुर में हड़कंप: देसी बम बनाने की सामग्री मिलने से सनसनी, जांच में जुटी एजेंसियां
रायपुर (जागरण संवाददाता)। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 13 स्थित एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर नार्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर मकान सहित आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
तार, संदिग्ध सामान और तकनीकी सामग्री बरामद
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मकान से तार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और देसी विस्फोटक तैयार करने में उपयोग होने वाली कुछ संदिग्ध सामग्री मिली है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी बरामद सामान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम हर वस्तु की बारीकी से जांच कर रही है ताकि उनकी प्रकृति का पता लगाया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके के एक मकान में कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां यह संदिग्ध सामान बरामद हुआ। पुलिस आसपास के लोगों और मकान से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
बड़ी साजिश के एंगल से जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस इस गंभीर पहलू की जांच में जुट गई है कि आखिर इतनी मात्रा में संदिग्ध सामग्री वहां कैसे पहुंची और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं राजधानी में किसी बड़ी वारदात या धमाके की साजिश तो नहीं रची जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले की हर संभव एंगल से गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर और तकनीकी टीमों को भी इस जांच में लगाया गया है ताकि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला जा सके।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे ऑपरेशन की खुद मॉनिटरिंग की। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर आसपास के अन्य घरों की भी तलाशी ली है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।








