रायपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा: यूनीपोल पर चढ़ी महिला, कूदने की धमकी से मचा हड़कंप
जागरण संवाददाता, रायपुर। राजधानी के शंकर नगर मेन रोड पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक सड़क किनारे लगे यूनीपोल पर चढ़ गई। काफी ऊंचाई पर पहुंचकर महिला नीचे कूदने की धमकी देने लगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन और समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अचानक यूनीपोल पर चढ़ी और ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाने लगी। वह बार-बार नीचे कूदने की बात कह रही थी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को खाली कराया गया।
महिला को सुरक्षित उतारने के लिए SDRF के जवानों ने सतर्कता के साथ रेस्क्यू शुरू किया। काफी देर तक बातचीत और समझाने के बाद टीम उसे नीचे लाने में सफल रही।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।








