18 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, कचरा कलेक्शन ठप
रायपुर। अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे कई इलाकों में गंदगी बढ़ने लगी है।
सफाई कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि, स्थायीकरण, सुरक्षा उपकरण और अन्य सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। मांगें पूरी नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। कई मोहल्लों में कचरा वाहन नहीं पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर भी कचरे के ढेर लगने लगे हैं।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सफाई कर्मियों से बातचीत की जा रही है और जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।








