रील बनाने का शौक बना जानलेवा, अहिरन नदी में डूबे युवक का वीडियो आया सामने
कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में रील बनाने का शौक एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। अहिरन नदी में डूबे निखिल सिंह का घटना से जुड़ा करीब चार मिनट का वीडियो सामने आया है, जिसने हादसे की पूरी तस्वीर साफ कर दी है।
वीडियो में निखिल अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे पिकनिक मनाते दिखाई दे रहा है। इस दौरान मोबाइल कैमरा ऑन था और साथी रील बना रहे थे। तभी निखिल अचानक नदी में छलांग लगा देता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आता है, लेकिन कुछ ही देर बाद वह पानी में खुद को संभालने की कोशिश करता दिखाई देता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निखिल लगातार तैरने की कोशिश कर रहा था, जबकि उसके दोस्त वीडियो बनाने में लगे रहे। जब तक साथियों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ, तब तक युवक गहरे पानी में डूब चुका था।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी तलाश के बाद युवक का शव बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।








