कोरबा। एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी आरके त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई। हाल ही में पदोन्नति के बाद वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे। नेशनल हाईवे-130 पर बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया के पास हुए हादसे से एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक है।
जानकारी के मुताबिक, आरके त्यागी को डायरेक्टर टेक्निकल पद पर प्रमोट किया गया था। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे वे गेवरा से इनोवा कार में सवार होकर सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि चोटिया के पास उनकी कार आगे चल रहे पार्सल वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और आरके त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार तड़के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।








