कोरबा में जमीन सीमांकन के दौरान बवाल, राजस्व टीम को दो घंटे तक रोका
कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिर्रा में जमीन सीमांकन के दौरान जमकर हंगामा हो गया। सीमांकन करने पहुंचे राजस्व अमले को ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक रोककर विवाद किया। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, धमकी और बंधक बनाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, बालको निवासी भरत चौहान नोनबिर्रा क्षेत्र में पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। वह राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह के साथ आठ मई को नायब तहसीलदार के निर्देश पर गांव में जमीन सीमांकन के लिए पहुंचे थे। सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान संबंधित पक्षों को जमीन की नाप-जोख की जानकारी दी जा रही थी।
इसी बीच दोपहर करीब एक बजे संतराम, उसका पुत्र लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल ने सीमांकन प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों ने राजस्व अमले की कार के पीछे बाइक खड़ी कर दी और उन्हें वहां से जाने नहीं दिया।
स्थिति बिगड़ने पर राजस्व अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








